एकाना स्टेडियम में IPL का रोमांच, सरोजनीनगर को मिल रही विश्वस्तरीय पहचान – डॉ. राजेश्वर सिंह



ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा

लखनऊ, 12 अप्रैल 2026।
“मुस्कुराइए, आप सरोजिनी नगर विधानसभा के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में हैं” — यह बात विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि एकाना स्टेडियम में आयोजित यह मैच उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना का अद्भुत संगम रहा। दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम और रोमांचक माहौल ने इस मुकाबले को यादगार बना दिया।


डॉ. सिंह ने कहा कि लखनऊ तेजी से विश्वस्तरीय खेल आयोजनों का केंद्र बनता जा रहा है, जो न केवल शहर बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। ऐसे आयोजन युवाओं को प्रेरित करते हैं और खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।

उन्होंने वरिष्ठ खिलाड़ियों के समर्पण और प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह भावुक करने वाला क्षण था, जो यह विश्वास दिलाता है कि सरोजनी नगर में जमीनी स्तर पर तैयार हो रही युवा प्रतिभाएं भी एक दिन इसी मंच पर देश का नाम रोशन करेंगी।


डॉ. राजेश्वर सिंह ने आगे कहा कि सरोजनी नगर विधानसभा में क्रिकेट सहित सभी खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि हर स्कूल, कॉलेज और मोहल्ले से नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आएं और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिले।

इस अवसर पर श्री राजीव शुक्ला, श्री प्रमोद तिवारी, श्री संजीव गोयनका, श्री तजिंदर पाल सिंह बिट्टू, श्री उदय सिन्हा, श्री रामेश्वर सिंह एवं श्री आरपी सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने लखनऊ सुपर जायंट्स टीम को आईपीएल के इस सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल प्रदर्शन की कामना की।

Previous Post Next Post