Breaking News

जनसुनवाई से जनसेवा तक—166वें ‘आपका विधायक आपके द्वार’ शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा और युवाओं पर विशेष फोकस

 


ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा

लखनऊ, 03 मई 2026 (रविवार)। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के मजरा गंगाबक्स खेड़ा, ग्राम पंचायत बरकताबाद (मंडल खुशालगंज) में साप्ताहिक ‘आपका विधायक आपके द्वार’ शिविर का सफल आयोजन किया गया। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर ने जनसमस्याओं के समाधान, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक सहयोग का सशक्त मंच प्रदान किया।

शिविर के दौरान स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना गया। पहल का मुख्य उद्देश्य केवल शिकायतों का संकलन नहीं, बल्कि प्रत्येक समस्या का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।

इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों—रोड एवं नाली निर्माण (3), आवास योजना (4), राहत आपदा (3), स्कूल सौंदर्यीकरण, मंदिर जीर्णोद्धार, विधवा पेंशन, साइकिल वितरण, विद्यालय उच्चीकरण एवं नाला निर्माण—से संबंधित कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं के तहत आयोजित नेत्र जांच शिविर में 66 वरिष्ठ नागरिकों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 40 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच को मजबूती मिली है और वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी राहत प्राप्त हुई है।

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं—साक्षी रावत (10वीं, 71.3%), अंशू (12वीं, 51.2%), देवांश तिवारी (12वीं, 73.3%) एवं रिशी कुमार (10वीं, 62.7%)—को साइकिल, घड़ी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान ने युवाओं में प्रतिस्पर्धा और आगे बढ़ने की प्रेरणा को और सशक्त किया।

युवा सशक्तिकरण के अंतर्गत 116वें गर्ल्स यूथ क्लब एवं 180वें बॉयज यूथ क्लब का गठन किया गया। इन क्लबों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सेक्टर संयोजक नीरज, प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र रावत, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका सिंह, पूर्व प्रधान दिनेश सिंह, उमाशंकर तिवारी, सुरेश रावत, मधु सिंह, गुड़िया सिंह, राम रानी, सुधा देवी, गीता देवी, केतकी, विमला देवी, ज्ञानमती, रामदुलारी, देवांश तिवारी, तृप्ति तिवारी, रूबी तथा मोहम्मद सलीम सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Post a Comment

0 Comments