स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर, 01 मई 2026।
पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आज आयोजित सत्र में कुल 20 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिसमें 2 दंपत्तियों के बीच आपसी सहमति से विवाद का सफल निस्तारण कराया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित किया गया।
पहले प्रकरण में थाना खुदागंज क्षेत्र के एक दंपत्ति, जिनका विवाह लगभग 5 वर्ष पूर्व हुआ था, के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। पत्नी द्वारा पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया था और वह पिछले 10 दिनों से मायके में रह रही थी। परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता कराई गई, जिसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।
दूसरे मामले में थाना रौजा क्षेत्र के एक दंपत्ति, जिनका विवाह करीब 3 वर्ष पूर्व हुआ था, के बीच आपसी विवाद उत्पन्न हो गया था। पत्नी ने बताया कि पति उसे मायके में छोड़कर काठमांडू चला गया था, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। परामर्श के दौरान दोनों पक्षों को समझाया गया, जिसके बाद उन्होंने भी साथ रहने पर सहमति जताते हुए समझौता कर लिया।
कार्यक्रम में प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
परिवार परामर्श केंद्र के इस प्रयास से पारिवारिक विवादों को सुलझाने में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जिससे समाज में सामंजस्य और सौहार्द बनाए रखने में मदद मिल रही है।


0 Comments