Breaking News

शाहजहाँपुर में जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर पुलिस का विशेष अभियान तेज, 45 मामलों का मौके पर समाधान


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻

शाहजहाँपुर, 02 मई 2026।

 जनपद में जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत शनिवार को कुल 45 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण/नगर) के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी स्वयं शिकायतकर्ताओं के पास पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।


अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करें। इसी क्रम में 02 मई को विभिन्न थाना क्षेत्रों में जाकर कुल 45 शिकायतों का निस्तारण किया गया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस अभियान से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या अधिकारियों के कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। पुलिस टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित कर रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं और शिकायतों के समाधान में सहयोग करें, जिससे जनपद में बेहतर कानून-व्यवस्था और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment

0 Comments