Breaking News

अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर विकास भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, श्रमिक कल्याण योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहांपुर, 1 मई 2026। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस (लेबर डे) के अवसर पर विकास भवन सभागार में श्रमिकों एवं कर्मचारियों के हितों से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ से आयोजित श्रमवीर गौरव समारोह 2026 का शुभारंभ एवं श्रमिक कल्याण की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी विकास भवन सभागार में अधिकारियों एवं श्रमिकों द्वारा देखा गया।

कार्यक्रम में श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रम कानूनों एवं पेंशन संबंधी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, उपयुक्त उद्योग संजय सिंह, उप श्रमायुक्त नासिर खान सहित उद्यमी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण के साथ हुआ, जिसमें श्रमिक कल्याण एवं श्रम अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश प्रसारित किए गए। कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री श्री अनिल राजभर द्वारा संबोधन दिया गया तथा औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में श्रमिकों की सुविधा हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

मुख्यमंत्री द्वारा श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया, जिसमें शैक्षिक उत्कृष्टता के लिए अटल आवासीय योजना अंतर्गत सम्मान, मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरण, श्रमिकों को प्रमाणपत्र एवं टूलकिट प्रदान करना शामिल रहा। साथ ही औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में श्रमिक सुविधा केंद्र निर्माण का शिलान्यास तथा ग्रेटर नोएडा में 7.2 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित 300 बेड के ESIC अस्पताल हेतु भूमि आवंटन पत्र का वितरण भी किया गया।


जनपद स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों द्वारा श्रम कानूनों, सामाजिक सुरक्षा संहिताओं, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों हेतु ई-श्रम पंजीकरण की उपयोगिता एवं लाभों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि श्रमिक समाज एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं तथा सरकार उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण हेतु निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं से जुड़ने, पंजीकरण कराने एवं उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में श्रमिक संगठन इंटक से श्री पवन सिंह, असंगठित मजदूर यूनियन के प्रतिनिधि एवं लघु भारती से श्री राकेश अग्रवाल और नवनीत गुप्ता एवं अन्य औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments