Breaking News

MY Bharat शाहजहाँपुर का 5 दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम, युवा सीख रहे पीडीएस व जनसमस्या निस्तारण की प्रक्रिया


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर। मेरा युवा भारत (MY Bharat), शाहजहांपुर द्वारा युवाओं के कौशल विकास एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में संचालित हो रहा है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत वॉलिंटियर्स को जिला पूर्ति विभाग के सहयोग से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की कार्यप्रणाली का गहन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्तमान में प्रतिभागी पीडीएस के अंतर्गत जन समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण की प्रक्रिया को समझ रहे हैं, जिससे उन्हें शिकायत प्रबंधन एवं समाधान प्रणाली का वास्तविक अनुभव मिल रहा है।


इसके साथ ही वॉलिंटियर्स राशन कार्ड से संबंधित प्रक्रियाएं, नए राशन कार्ड बनवाने, संशोधन एवं सत्यापन की व्यवस्था, गैस वितरण प्रणाली तथा उससे जुड़ी सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। आगामी दिनों में प्रतिभागियों को राशन कोटे पर जाकर राशन वितरण प्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे जमीनी स्तर पर कार्यप्रणाली को और बेहतर ढंग से सीख सकें।

उप निदेशक माय भारत माहे आलम ने बताया कि इस प्रकार के अनुभवात्मक कार्यक्रम युवाओं को सरकारी व्यवस्थाओं की जमीनी समझ प्रदान करते हैं, जिससे वे भविष्य में समाज सेवा एवं सुशासन में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अंकिता वर्मा, विकास कोली, कुमारी वैष्णवी, दिव्यांशी मिश्रा एवं शगुन सक्सेना ने सक्रिय सहभागिता की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में लेखाकार सोनम सचान, सहायक हिमांशु सक्सेना एवं मानवता वेलफेयर सोसायटी के अमित श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के समापन उपरांत जिला युवा अधिकारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। यह पहल युवाओं को न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रही है, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित कर रही है।

Post a Comment

0 Comments