Breaking News

वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.एन. रस्तोगी के निधन पर रेड क्रॉस सोसाइटी में शोक सभा आयोजित

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय में जनपद के वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं चिकित्सा जगत की प्रतिष्ठित विभूति डॉ. पी.एन. रस्तोगी के आकस्मिक निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। डॉ. रस्तोगी, चिकित्सक डॉ. उत्तम रस्तोगी के पूज्य पिता तथा ददरौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात आयुष चिकित्सक डॉ. रचना रस्तोगी के पूज्य ससुर थे।

शोक सभा में उपस्थित समाजसेवियों एवं रेड क्रॉस पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. पी.एन. रस्तोगी केवल एक कुशल एवं समर्पित चिकित्सक ही नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों से ओत-प्रोत समाजसेवी व्यक्तित्व भी थे। उन्होंने अपने लंबे चिकित्सकीय जीवन में हजारों रोगियों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान कर सेवा, संवेदना और समर्पण की मिसाल कायम की।

वक्ताओं ने कहा कि उनका निधन चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी, सीटू के जिला अध्यक्ष मुरारी दीक्षित, रेड क्रॉस सदस्य अवनीश सक्सेना, बृजेश गुप्ता, टीवी क्लीनिक से अतुल मिश्रा, रोहित मिश्रा, सी.एल. तिवारी, सुधांशु, आशीष, अनुज जौहरी, मनोज तिवारी, सौरभ, अग्रज जौहरी, दिव्यांगजन कल्याण समिति के बालकृष्ण पांडे सहित रेड क्रॉस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभा में शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. रस्तोगी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

— डॉ. विजय जौहरी
सचिव, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहाँपुर

Post a Comment

0 Comments