स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी तिलहर एवं उपजिलाधिकारी तिलहर ने थाना कटरा पुलिस बल के साथ क्षेत्र में संचालित विभिन्न कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने संस्थान संचालकों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। अग्निशमन उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखा जाए, आपातकालीन निकास मार्ग अवरोधमुक्त रहें तथा विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं का नियमित परीक्षण कराया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत क्षेत्राधिकारी तिलहर ने थाना कटरा पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर शांति एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छात्र-छात्राओं एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

0 Comments