Breaking News

जलालाबाद में कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों ने परखे सुरक्षा मानक

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में चलाए गए विशेष सुरक्षा अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी जलालाबाद एवं उपजिलाधिकारी जलालाबाद ने थाना जलालाबाद पुलिस बल के साथ क्षेत्र में संचालित विभिन्न कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने संस्थान संचालकों को निर्देश दिए कि सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। अग्निशमन उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखा जाए, आपातकालीन निकास मार्ग अवरोधमुक्त रहें तथा विद्युत एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का नियमित परीक्षण कराया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के बाद क्षेत्राधिकारी एवं उपजिलाधिकारी ने थाना जलालाबाद पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि छात्र-छात्राओं एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments