Breaking News

मुख्यमंत्री योगी ने कानून-व्यवस्था, मोहर्रम, नीट परीक्षा और योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी पर्व-त्योहारों, नीट परीक्षा एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन, नई परंपरा की शुरुआत तथा कानफोड़ू डीजे और ढोल-ताशों के अनियंत्रित प्रयोग की अनुमति न दी जाए। ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

नीट परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जून को आयोजित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराये में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उन्होंने परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों एवं 762 नगरीय निकायों में अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन, सीएम हेल्पलाइन और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

Post a Comment

0 Comments