Breaking News

पत्नी की मौत का सदमा नहीं सह सके सूबेदार, कुछ घंटों बाद खुद भी दे दी जान; दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

 

ब्यूरो रिपोर्ट बाल किशन ✍️

उन्नाव। बीघापुर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां पत्नी की मौत की खबर मिलने के कुछ ही घंटों बाद सेना में तैनात एक सूबेदार ने भी आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार, गांव और सेना के साथियों में शोक की लहर दौड़ गई है।

मामला बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के दांदामऊ गांव का है। यहां के निवासी शैलेंद्र पांडेय भारतीय सेना की मेडिकल कोर में सूबेदार पद पर तैनात थे और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में थी। लगभग 12 वर्ष पूर्व उनका विवाह कानपुर निवासी साधना से हुआ था। दंपति के दो बच्चे, बेटा यथार्थ और बेटी शानवी हैं।

परिजनों के अनुसार, 27 जून को परिवार में एक शादी समारोह होना है, जिसके चलते कुछ दिन पहले शैलेंद्र अपनी पत्नी को गांव छोड़ गए थे। इसी बीच मंगलवार रात साधना का शव घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि पत्नी की मौत की खबर मिलने के बाद सूबेदार शैलेंद्र पांडेय गहरे सदमे में आ गए। देर रात सूचना मिली कि उन्होंने भी अपने ड्यूटी स्थल पर आत्महत्या कर ली। एक ही दिन में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद सबसे बड़ी चिंता उन दो मासूम बच्चों को लेकर है, जिनके सिर से एक साथ माता-पिता का साया उठ गया। गांव में हर ओर शोक का माहौल है।

वहीं, मृतका के भाई अनुज मिश्रा ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए बहन की हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि सूबेदार के मामले में भी कानूनी प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Post a Comment

0 Comments