विश्व युवा कौशल दिवस पर रोजगार मेले का आयोजन, 10 कंपनियों ने लिया भाग, 102 युवाओं का हुआ चयन

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), शाहजहाँपुर में एक दिवसीय जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में जिले के सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से कौशल प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया।

रोजगार मेले में जनपद की 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जबकि कौशल विकास मिशन एवं आईटीआई से प्रशिक्षित लगभग 551 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 102 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना अधिकारी अवधेश राम ने की। उन्होंने सभी कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अभ्यर्थियों से संवाद किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु अपने प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रशिक्षकों के अनुभवों से सीख लेकर स्वयं को कुशल, आत्मनिर्भर एवं सफल उद्यमी बनाने का प्रयास करें।

रोजगार मेले के सफल आयोजन में एमआईएस मैनेजर संजीव कुमार, एमआईएस मैनेजर श्रीमती शोभना दीक्षित, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जितेंद्र सिंह, फोरमैन कृष्ण कुमार, कृष्ण मुरारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक अरविंद कुमार ने उपस्थित सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों, अतिथियों एवं अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें उद्योगों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।

Previous Post Next Post