Breaking News

साइबर क्राइम थाना की कार्रवाई से ऑनलाइन ठगी के ₹1.28 लाख पीड़ित को वापस मिले

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 22 जुलाई। शाहजहाँपुर साइबर क्राइम थाना ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ₹1,28,000 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई साइबर अपराधों में 'गोल्डन ऑवर' के दौरान समयबद्ध प्रयासों के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना साइबर क्राइम में दर्ज मु.अ.सं. 09/2026 (धारा 318(4) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट) में वादी दिवाकर विक्रम सिंह, निवासी सदर खुदागंज, थाना खुदागंज, शाहजहाँपुर के साथ जूडियो ट्रेंड (फ्रेंचाइजी) दिलाने के नाम पर ₹5,23,000 की ऑनलाइन ठगी की गई थी।

विवेचना के दौरान साइबर क्राइम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त दो बैंक खातों को होल्ड कराया। इसके बाद संबंधित बैंक के समन्वय से एक खाते से ₹1,28,000 की धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई गई। मामले में शेष धनराशि की बरामदगी एवं अन्य आरोपियों की पहचान के लिए विवेचना जारी है।

शाहजहाँपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देरी राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर अधिक से अधिक धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रजनीश कुमार (विवेचक) एवं थाना साइबर क्राइम की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नोट: यह समाचार शाहजहाँपुर पुलिस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। मामले की विवेचना प्रचलित है और अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया एवं जांच के उपरांत निर्धारित होगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments