जिला संवाददाता रामचंद्र, उन्नाव ✍️
उन्नाव, 23 जुलाई। जनपद उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र स्थित राज देवी शिव शंकर सिंह ग्लोबल कॉलेज, मौला बांकीपुर के प्रबंधन पर ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) जारी करने के नाम पर ₹2,000 की अवैध धनराशि मांगने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर अभिभावकों ने उपजिलाधिकारी हसनगंज को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता अंजली सिंह, पत्नी धर्मेंद्र सिंह, निवासी ग्राम धीरखेड़ा मजरा संदाना तथा बिटना सिंह, पत्नी आनंद कुमार सिंह, निवासी ग्राम मेहंदी खेड़ा, तहसील हसनगंज ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्रियों ने उक्त विद्यालय से कक्षा 10 तक की शिक्षा प्राप्त की है। अब अन्य कारणों से वे बच्चों का विद्यालय परिवर्तन करना चाहते हैं और इसके लिए विद्यालय प्रबंधन से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) का अनुरोध किया गया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा टीसी जारी करने के लिए ₹2,000 की मांग की जा रही है, जबकि विद्यालय की ₹18,500 की समस्त वैध शुल्क राशि पहले ही जमा की जा चुकी है। उनका कहना है कि बिना धनराशि दिए टीसी जारी नहीं की जा रही है।
शिकायत के अनुसार, इस संबंध में विद्यालय के प्रिंसिपल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
उपजिलाधिकारी हसनगंज श्रीमती शालिनी सिंह तोमर ने शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। विद्यालय प्रबंधन का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments