स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल साबित हो रही है। जनपद शाहजहाँपुर के विकास खंड पुवायां की ग्राम पंचायत जटियापुर बुजुर्ग निवासी श्रीमती लीलावती, पत्नी स्वर्गीय केशवलाल, इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं।
योजना का लाभ मिलने से पहले श्रीमती लीलावती अपने परिवार के साथ कच्चे एवं जर्जर मकान में रहने को मजबूर थीं। बरसात के दिनों में मकान की छत टपकती थी, जिससे परिवार को असुरक्षा और कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण उनके लिए पक्का मकान बनवाना संभव नहीं था।
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र पाए जाने पर उन्हें ₹1.20 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इस सहायता से उन्होंने अपना पक्का एवं सुरक्षित आवास बनवाया, जिससे उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।
नए पक्के घर के निर्माण के बाद परिवार को सुरक्षित आवास के साथ-साथ बिजली, स्वच्छ पेयजल, रसोई गैस और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी लाभ मिल रहा है। अब परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में रह रहा है तथा बरसात सहित अन्य मौसम संबंधी कठिनाइयों से काफी हद तक राहत मिली है।
श्रीमती लीलावती ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है और इससे हजारों जरूरतमंद परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।
नोट: यह सफलता की कहानी संबंधित विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
