उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 में शाहजहाँपुर के 110 प्रगतिशील किसानों ने लिया हिस्सा, 800 से अधिक आम की प्रजातियों का किया अवलोकन

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित "उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026" में शनिवार को शाहजहाँपुर जनपद के लगभग 110 प्रगतिशील कृषकों ने प्रतिभाग कर आम की उन्नत प्रजातियों एवं प्रसंस्कृत उत्पादों का अवलोकन किया। यह महोत्सव 3 से 5 जुलाई 2026 तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित किया जा रहा है।

महोत्सव में शाहजहाँपुर के किसानों ने मोरमई, सफेदा लखनऊ, शरबती बगरैन, कृष्ण भोग, रटौल, गुलाब खास, काला पहाड़, दशहरी, लंगड़ा, चौसा, मल्लिका, आम्रपाली, गौरजीत, अरुणिका, अम्बिका, टॉमी एटकिंस सहित अनेक उन्नत किस्मों के आम एवं आम से बने प्रसंस्कृत उत्पादों का अवलोकन किया।

इस दौरान उपनिदेशक उद्यान, बरेली मंडल डॉ. धर्मपाल यादव एवं जिला उद्यान अधिकारी शाहजहाँपुर पुनीत कुमार पाठक ने किसानों को प्रदर्शनी में लगाए गए 800 से अधिक आम की प्रजातियों के स्टॉल का भ्रमण कराया। अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, विभिन्न आम की किस्मों, विपणन, प्रसंस्करण तथा उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बागवानी अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सहायक उद्यान निरीक्षक राकेश कुमार, श्रीमती दिव्या यादव, गोविंद नारायण मिश्रा (कनिष्ठ सहायक) एवं प्रधान चौधरी पूरन लाल यादव सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

उद्यान विभाग ने किसानों से आम की उन्नत किस्मों की खेती अपनाकर उत्पादन बढ़ाने तथा विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

Previous Post Next Post