स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 23 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में थाना पुवायां परिसर में डीजे संचालकों के साथ समीक्षा संगोष्ठी आयोजित की गई तथा अधिकारियों ने प्रस्तावित कांवड़ यात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में आयोजित बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी पुवायां ने डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। उन्हें निर्देशित किया गया कि डीजे निर्धारित ध्वनि सीमा के अनुरूप ही संचालित किए जाएं तथा अश्लील, भड़काऊ, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले गीतों एवं नारों का प्रसारण किसी भी स्थिति में न किया जाए।
अधिकारियों ने डीजे वाहनों की निर्धारित ऊंचाई एवं चौड़ाई का पालन करने, तकनीकी स्थिति सही रखने, विद्युत एवं वायरिंग सुरक्षा मानकों का अनुपालन करने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डीजे संचालकों से कांवड़ यात्रा के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व पर चर्चा करते हुए उन्हें यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक के बाद अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर पैदल गश्त कर प्रमुख चौराहों, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों, मंदिरों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली तथा पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर प्रबंधन समितियों के पदाधिकारियों से संवाद कर कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गई। साथ ही आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया गया।
नोट: यह समाचार शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
लखनऊ
0 Comments