Breaking News

ऑपरेशन कन्विक्शन: शाहजहाँपुर में दोहरे हत्याकांड के छह दोषियों को आजीवन कारावास, ₹3.10 लाख का अर्थदंड

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 22 जुलाई। उत्तर प्रदेश पुलिस के ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत शाहजहाँपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना जलालाबाद में दर्ज दोहरे हत्याकांड के मामले में प्रभावी पैरवी के बाद न्यायालय ने छह दोषियों को आजीवन कारावास तथा कुल 3 लाख 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार संचालित ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत की गई। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा मॉनीटरिंग सेल, थाना जलालाबाद पुलिस एवं अभियोजन विभाग के समन्वित प्रयासों से एडीजे-03 न्यायालय में प्रभावी पैरवी की गई, जिसके परिणामस्वरूप आरोपियों को दोषसिद्धि हुई।

न्यायालय द्वारा जिन दोषियों को सजा सुनाई गई उनमें ओमपाल पुत्र राजपाल, प्रमोद पुत्र शेर सिंह, सोनू उर्फ अनुज पुत्र ओमपाल, अमित उर्फ झुन्नी पुत्र ओमपाल, अजय पुत्र बाबूराम तथा सर्वेश उर्फ समरपाल पुत्र बाबूराम, सभी निवासी ग्राम डहर, थाना जलालाबाद, जनपद शाहजहाँपुर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मु.अ.सं. 419/2022 में दर्ज मामले में आरोप था कि दोषियों ने रमनपाल और उनकी पत्नी की कुल्हाड़ी, लाठी एवं डंडों से हमला कर हत्या कर दी थी। मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायालय ने सभी छह आरोपियों को आजीवन कारावास एवं कुल 3.10 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

यह कार्रवाई शाहजहाँपुर पुलिस के ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के अंतर्गत गंभीर अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

नोट: यह समाचार शाहजहाँपुर पुलिस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति एवं न्यायालय के निर्णय पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments