Breaking News

मंदिर मार्ग को लेकर फलाहारी बाबा का अनशन समाप्त, 5 दिन में रास्ता खोलने का प्रशासन ने दिया आश्वासन

 

ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️

सीतापुर, 24 जुलाई। विकास खंड सकरन की ग्राम पंचायत किर्तापुर स्थित शिव मंदिर तक जाने वाले मार्ग को लेकर शुरू हुआ विवाद प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल शांत हो गया। मंदिर का रास्ता बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए फलाहारी बाबा अपने शिष्यों के साथ अनशन पर बैठ गए थे। प्रशासन की वार्ता के बाद पांच दिन के भीतर मार्ग सुचारु कराने के आश्वासन पर उन्होंने अपना अनशन समाप्त कर दिया।

फलाहारी बाबा का आरोप है कि ग्राम पंचायत किर्तापुर में सांडा-रेवान मार्ग के किनारे स्थित शिव मंदिर के चारों ओर अतिक्रमण कर दिया गया है तथा मंदिर जाने वाले रास्ते पर लोहे की जाली लगाकर आवागमन रोक दिया गया है। उनका कहना है कि मंदिर के समीप गोशाला होने के कारण रास्ता बंद किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में परेशानी हो रही है।

बाबा ने बताया कि सावन माह के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में मार्ग बंद रहने से धार्मिक गतिविधियां प्रभावित होंगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रास्ता खोलने की मांग करने पर उन्हें धमकी दी गई।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने पुलिस टीम एवं पंचायत सचिव अरुण कुमार वर्मा को मौके पर भेजा। प्रशासन की मौजूदगी में हुई वार्ता के बाद ग्राम प्रधान एवं पंचायत सचिव ने पांच दिन के भीतर अतिक्रमण हटाकर मंदिर के लिए गेट और आवागमन की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

आश्वासन मिलने के बाद फलाहारी बाबा ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।

नोट: यह समाचार संबंधित पक्षों के दावों एवं स्थानीय प्रशासन के हस्तक्षेप पर आधारित है। ग्राम प्रधान पर लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। मामले में प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments