Breaking News

बलरामपुर पुलिस ने जनपदभर में किया पैदल गश्त, शांति व्यवस्था एवं सुरक्षा का लिया जायजा

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️ 

बलरामपुर। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में रविवार को सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से संवाद स्थापित कर आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अवैध एवं अनावश्यक अतिक्रमण हटवाया, जिससे जाम की समस्या कम हुई और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिली।

इस दौरान क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों से भी संवाद कर उनसे अपील की गई कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा यूपी-112 को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

बलरामपुर पुलिस ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे तथा इसमें आमजन के सहयोग की अपेक्षा की जाती है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments