स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
आयुर्वेद के जनक नहीं, शल्य चिकित्सा के जनक आचार्य सुश्रुत के योगदान को किया गया नमन
शाहजहाँपुर। अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन एवं राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय (नगर) के संयुक्त तत्वावधान में आचार्य सुश्रुत जयंती के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद के महान शल्य चिकित्सक आचार्य सुश्रुत के जीवन, चिकित्सा दर्शन और शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी की अध्यक्षता आयुर्वेद महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव डॉ. विजय जोहरी ने की। उन्होंने कहा कि आचार्य सुश्रुत जयंती मनाने का उद्देश्य भारतीय आयुर्वेद की समृद्ध वैज्ञानिक परंपरा का सम्मान करना तथा नई पीढ़ी को इसकी गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है।
मुख्य अतिथि एवं राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, नगर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि आचार्य सुश्रुत ने अपनी अमूल्य कृति 'सुश्रुत संहिता' के माध्यम से शल्य चिकित्सा को वैज्ञानिक आधार प्रदान किया। उन्होंने लगभग 300 प्रकार की शल्य क्रियाओं और 120 से अधिक शल्य उपकरणों का विस्तृत वर्णन किया, जो चिकित्सा विज्ञान के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
आयुष विभाग के आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. राजेंद्र कुशवाहा ने कहा कि आचार्य सुश्रुत केवल महान शल्य चिकित्सक ही नहीं, बल्कि उत्कृष्ट शिक्षक एवं शोधकर्ता भी थे। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा में व्यावहारिक प्रशिक्षण, स्वच्छता, अनुशासन और रोगी के प्रति संवेदनशील व्यवहार को विशेष महत्व दिया।
महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. आचल गुप्ता ने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की वैज्ञानिक जीवनशैली है। आचार्य सुश्रुत के सिद्धांत आज भी समाज को निरोग और स्वस्थ बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित चिकित्सकों एवं आयुर्वेद प्रेमियों ने आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार और जन-जन तक इसकी उपयोगिता पहुँचाने का संकल्प लिया। अंत में डॉ. आचल गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. विजय जोहरी, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. राजेंद्र कुशवाहा, डॉ. आचल गुप्ता, बीपीएम फज़लू, गजेन्द्र सिंह, अमनदीप सक्सेना, दुर्गेश गुप्ता सहित अनेक चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments