Breaking News

स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय ने गठित की अनापत्ति समिति, नए महाविद्यालयों एवं पाठ्यक्रमों को मिलेगी गति

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 23 जुलाई। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं नियामकीय प्रक्रियाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अनापत्ति समिति (एनओसी समिति) का गठन किया है। समिति नवीन महाविद्यालयों एवं संस्थानों की स्थापना तथा वर्तमान महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर नए विषयों एवं पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए अनापत्ति प्रदान करने संबंधी मामलों पर निर्णय लेगी।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, समिति की अध्यक्षता कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह करेंगे। समिति में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी तथा जिलाधिकारी द्वारा नामित सदस्य को सदस्य बनाया गया है, जबकि कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य समिति के सदस्य सचिव होंगे।

विश्वविद्यालय के अनुसार, समिति निरीक्षण के उपरांत नियमानुसार अनापत्ति प्रदान करने संबंधी निर्णय लेगी। इससे नए शिक्षण संस्थानों की स्थापना और वर्तमान महाविद्यालयों में रोजगारपरक एवं नवाचार आधारित पाठ्यक्रम शुरू करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध हो सकेगी।

विश्वविद्यालय का मानना है कि इस पहल से जिले में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को और मजबूती मिलेगी तथा विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों और नए शैक्षणिक अवसरों का लाभ प्राप्त होगा।

नोट: यह समाचार स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments