बुलंदशहर में पंचायत डेवलपमेंट प्लान पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, मॉडल ग्राम विकसित करने पर दिया गया जोर

 

ब्यूरो चीफ तशरीफ़ अली मेरठ ✍️

बुलंदशहर। पंचायतों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 15 जुलाई 2026 को विकास भवन सभागार, बुलंदशहर में पंचायत डेवलपमेंट प्लान (PDP/GPDP) विषय पर जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपनिदेशक (पंचायत), मेरठ मंडल के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यशाला का शुभारंभ जिला विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतें गुणवत्तापूर्ण ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) तैयार कर अपने गांवों को आदर्श एवं आत्मनिर्भर मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करें।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने पंचायत डेवलपमेंट प्लान के उद्देश्य, कानूनी प्रावधान, जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों की भूमिका, सहभागितापूर्ण नियोजन, विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण, ई-ग्राम स्वराज पोर्टल, एलएसडीजी (LSDG) के नौ विषय, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन तथा पंचायतों की आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षकों ने ग्राम पंचायतों को स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनसहभागिता के माध्यम से राजस्व वृद्धि के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की।

कार्यशाला में जनपद के सभी खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) तथा जीपीडीपी क्रियान्वयन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

प्रशिक्षक सुशील शर्मा ने 16वें वित्त आयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं, जबकि जनपद प्रोजेक्ट मैनेजर विक्रांत तोमर ने तकनीकी विषयों पर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपक सिंह, वरिष्ठ फैकल्टी, डीपीआरसी हापुड़ ने किया।

#Bulandshahr #GPDP #PanchayatDevelopmentPlan #PanchayatiRaj #RuralDevelopment #ModelVillage #SachKiAwazWebNews

Previous Post Next Post