स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
डीएम ने हरिशंकरी वृक्ष लगाए, 80 हजार आवास लाभार्थियों से पौधरोपण की अपील
शाहजहाँपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जनपद के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में 16 से 18 जुलाई 2026 तक प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के आवासों पर सहजन पौधरोपण का विशेष तीन दिवसीय अभियान शुरू किया गया है।
अभियान के तहत जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला उद्यान अधिकारी पुनीत पाठक, डीसी मनरेगा हर्षवर्धन सिंह एवं खंड विकास अधिकारी ददरौल के साथ ग्राम पंचायत माधवामई में हरिशंकरी वृक्ष (पीपल, बरगद एवं पाकड़) का पौधरोपण किया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि लगाए गए हरिशंकरी वृक्षों की सुरक्षा के लिए ईंटों से ट्री गार्ड बनाए जाएं तथा प्रत्येक पौधे की नियमित देखरेख और साप्ताहिक जियो टैगिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद के प्रत्येक अंत्येष्टि स्थल पर कल्पवृक्ष एवं चंदन के पौधे भी लगाए जाएं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले वृक्षों का भी संवर्धन हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय में कराई गई वॉल पेंटिंग पर अंकित अधिकारियों के मोबाइल नंबरों की स्वयं फोन कर जांच की। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से अपने घरों के आसपास एक से पांच सहजन के पौधे लगाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि सहजन (मोरिंगा) स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी पौधा है। इसकी पत्तियां और फल पौष्टिक होते हैं तथा पौधरोपण के लगभग एक वर्ष बाद इसमें फल आना शुरू हो जाता है। इस विशेष अभियान के तहत जनपद के लगभग 80 हजार प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास लाभार्थियों द्वारा सहजन के पौधे लगाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय स्थित प्रेरणा केंद्र एवं ई-लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जनपद की 161 ग्राम पंचायतों में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरियों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, स्किल डेवलपमेंट, ई-कोर्स, पुस्तकें और हाई-स्पीड इंटरनेट जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान/प्रशासक कुसुम सिंह, पंचायत सचिव एवं अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments