परिवार परामर्श केंद्र की पहल रंग लाई, बिछड़ा परिवार फिर हुआ एक

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शराब के कारण बढ़ा था विवाद, काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने किया समझौता

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में 16 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित काउंसलिंग सत्र के दौरान 20 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिसमें एक दंपति के बीच आपसी समझौता कराकर उन्हें साथ विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र में थाना बंडा क्षेत्र से आए एक दंपति का मामला सुना गया। दोनों की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी छह माह की एक पुत्री है। पति के शराब पीकर मारपीट करने से परेशान होकर पत्नी पिछले एक माह से अपने मायके में रह रही थी।

काउंसलिंग के दौरान पत्नी ने अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई, जबकि पति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में पत्नी और बच्ची की देखभाल करने तथा पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया।

परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों को समझाकर आपसी संवाद कराया, जिसके बाद दोनों ने सहमति से समझौता कर लिया। इसके उपरांत दंपति को खुशी-खुशी साथ विदा किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक श्रीमती मधु यादव, मुख्य महिला आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी नेहा चौहान, मोनिका कुमारी, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, निशा मिश्रा एवं आरक्षी रिंकू उपस्थित रहे।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post