स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति, परिवहन सुरक्षा समिति एवं विद्यालय सुरक्षा यान समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, परिवहन व्यवस्था तथा स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान गत माह हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा में सामने आया कि अधिकांश दुर्घटनाएं दोपहिया वाहनों से संबंधित थीं। इस पर जिलाधिकारी ने परिवहन एवं पुलिस विभाग को विशेष अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बरेली-शाहजहाँपुर मार्ग पर स्थित नगरिया मोड़ एवं बख्शी तिराहे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
विद्यालय सुरक्षा यान समिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के किसी भी विद्यालय में अनफिट या बिना परमिट वाले वाहन संचालित नहीं होने चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि स्कूली वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन न किया जाए।
जिलाधिकारी ने संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को निर्देशित किया कि विद्यालयी बच्चों के आवागमन में लगे ई-रिक्शा यदि निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाते पाए जाएं तो संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
बैठक में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी पालन, सुरक्षित परिवहन व्यवस्था और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments