Breaking News

सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में संकल्प दिवस मनाया गया, लक्ष्मीबाई केलकर के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान

 

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️

सीतापुर, 24 जुलाई। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, पुरवारी टोला, बिसवां में शुक्रवार को वंदनीय लक्ष्मीबाई केलकर (मौसीजी) के जन्मदिवस के अवसर पर संकल्प दिवस का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं, सेविका बहनों एवं मातृशक्ति ने सहभागिता कर राष्ट्रभक्ति और नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. श्रीमती प्रीति वैश्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद सेविका बहनों ने ध्वज लगाकर शाखा का आयोजन किया तथा सामूहिक गीत, सुभाषित, अमृत वचन एवं एकल गीत की प्रस्तुति दी।

मुख्य अतिथि डॉ. श्रीमती प्रीति वैश्य ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए वंदनीय लक्ष्मीबाई केलकर (मौसीजी) के जीवन, उनके सामाजिक योगदान एवं नारी जागरण के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं से उनके आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यवाहिका श्रीमती प्रतिभा श्रीवास्तव ने कहा कि लक्ष्मीबाई केलकर साहस, राष्ट्रभक्ति और नारी शक्ति की प्रेरणास्रोत थीं। उन्होंने छात्राओं से समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताएं भी उपस्थित रहीं। अंत में ध्वज अवतरण एवं वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

नोट: यह समाचार विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments