Breaking News

गांधी कॉलोनी में जलभराव का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, एक सप्ताह में विद्युत पोल शिफ्ट करने के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 20 जुलाई। नगर आयुक्त ने सोमवार को नगर निगम क्षेत्र के सदर बाजार स्थित रोडवेज के पास गांधी कॉलोनी में जलभराव की समस्या का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता (सिविल), लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता तथा क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण में पाया गया कि रोडवेज से महिला थाना तक प्राकृतिक जल निकासी मार्ग रेलवे द्वारा अवरुद्ध किए जाने तथा रोडवेज परिसर की ओर से पानी की निकासी नहीं होने के कारण गांधी कॉलोनी में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है।

मुख्य अभियंता ने नगर आयुक्त को बताया कि सीवरेज एवं जल निकासी योजना के अंतर्गत उक्त स्थान पर नाले के निर्माण का कार्य पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है।

नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर प्रस्तावित नाले के एलाइनमेंट में आने वाले विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर एवं विद्युत लाइनों को हटाने अथवा स्थानांतरित करने की कार्रवाई पूरी की जाए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान समन्वय बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग का एक कर्मचारी मौके पर तैनात करने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि ने बताया कि गांधी कॉलोनी के भीतरी हिस्से की जल निकासी योजना वर्तमान प्रस्ताव में शामिल नहीं है। इस पर नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि उक्त क्षेत्र की जल निकासी के लिए अलग से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजी जाए।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments