स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच जहां जनपद के कई गांवों और शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है, वहीं ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर अपनी बेहतर जल निकासी व्यवस्था और सुनियोजित विकास कार्यों के कारण एक मिसाल बनकर सामने आया है। गांव की सड़कें और गलियां बारिश के बाद भी साफ-सुथरी एवं जलभराव मुक्त दिखाई दे रही हैं।
ग्राम प्रधान अनिल गुप्ता ने बताया कि ग्राम पंचायत में कुल 56 मार्ग हैं, जिनका निर्माण रंगीन इंटरलॉकिंग से कराया गया है। सभी मार्गों के दोनों ओर पक्की नालियां बनाई गई हैं तथा उनमें सिल्ट कैचर की व्यवस्था भी की गई है, जिससे नालियों में गाद जमा नहीं होती और वर्षा जल का सुचारु निकास होता रहता है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में 26 तालाब हैं, जिनमें नालियों का पानी पहुंचता है। इससे वर्षा जल का संरक्षण होता है और इन्हीं तालाबों के पानी का उपयोग फसलों की सिंचाई, पशुओं के लिए पेयजल तथा अन्य आवश्यक कार्यों में किया जाता है। इसके साथ ही क्षेत्र का भूजल स्तर भी बेहतर बना रहता है।
ग्राम प्रधान का कहना है कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या अधिक है, वहां अधिकांश तालाबों पर अतिक्रमण या उन्हें पाट दिए जाने के कारण वर्षा जल के निकास में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से तालाबों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि विकास कार्यों की योजना पहले से खुली बैठकों में बनाकर स्थानीय लोगों की राय के साथ सुनियोजित ढंग से कार्य कराया जाए और जल निकासी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, तो जलभराव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments