ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
15 अगस्त से पहले प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण का लक्ष्य, अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश
बलरामपुर। जनपद मुख्यालय को स्वच्छ, व्यवस्थित, यातायात अनुकूल और आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विकास कार्यों की रफ्तार तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र का व्यापक पैदल निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं जनसुविधा परियोजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वीर विनय चौराहे से अंबेडकर चौराहा, जिला मेमोरियल चिकित्सालय, मेजर चौराहा और चौक क्षेत्र तक पैदल भ्रमण कर नालों-नालियों की सफाई और टैपिंग कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि टैपिंग के माध्यम से गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, जिससे शहर की स्वच्छता बेहतर होगी और तुलसीपुर पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि नालों की सफाई एवं टैपिंग का कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों पर चल रहे सौंदर्यीकरण एवं पोल शिफ्टिंग कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अगस्त से पहले सभी प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण पूर्ण कर लिया जाए, जिससे शहर का स्वरूप और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई दे।
जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सामने सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण चिन्हित करते हुए डीएम ने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुचारु यातायात और आमजन की सुविधा के लिए सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है।
यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए वीर विनय चौराहे पर 'नो वेंडिंग जोन' विकसित करने तथा वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को शहर में मल्टी लेवल पार्किंग की कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।
पैदल निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए प्रस्तावित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के निर्माण कार्यों की समीक्षा की और सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हेमंत गुप्ता, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, सहायक अभियंता जल निगम (शहरी) वैभव पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
