ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल शुरू की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर मातृ एवं शिशु कल्याण कॉल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन कॉल सेंटरों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी शीघ्र जारी किए जाएंगे, जिससे आमजन स्वास्थ्य सेवाओं से आसानी से जुड़ सकेंगे।
सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने बताया कि कॉल सेंटर के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा नवजात एवं शिशुओं के परिजनों को प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, नवजात शिशु की देखभाल, स्तनपान, परिवार नियोजन एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही लाभार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक सीएचसी स्तर पर संचालित होने वाले ये कॉल सेंटर लाभार्थियों से नियमित संपर्क बनाए रखेंगे, ताकि कोई भी गर्भवती महिला या नवजात आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। इससे उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित फॉलोअप और स्वास्थ्य संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।
सीएमओ ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को कॉल सेंटर की स्थापना एवं संचालन की तैयारियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन नंबर जारी होने के बाद इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जनहितकारी सुविधा का लाभ उठा सकें।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
