Breaking News

राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने शाहजहाँपुर में महिला जनसुनवाई की, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 25 जुलाई। राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुजीता कुमारी ने शनिवार को शाहजहाँपुर का दौरा कर महिला जनसुनवाई, अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक तथा विकास खंड बंडा में आयोजित जागरूकता चौपाल में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महिला कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विकास भवन सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार की उपस्थिति में हुआ। जनसुनवाई के दौरान सदस्य ने महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

जनसुनवाई में घरेलू हिंसा के छह मामले, भूमि विवाद के दो मामले, गिरफ्तारी से संबंधित दो मामले, बच्चों की सुपुर्दगी का एक मामला, मारपीट के दो मामले तथा आटा चक्की हटाए जाने का एक मामला सहित कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं। सदस्य ने कहा कि महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने में संकोच नहीं करना चाहिए तथा प्रशासन को उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

इसके उपरांत विकास खंड बंडा में आयोजित जागरूकता चौपाल में महिला कल्याण, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर संचालित योजनाओं की जानकारी ली।

ब्लॉक सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूहों, आशा कार्यकर्ताओं, केयरटेकर एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। सदस्य ने निर्देश दिए कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक प्रभावी रूप से पहुंचे।

कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ, महिला थाना प्रभारी रश्मि, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी बाबूराम, डालसा के पीएलवी, महिला कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, शाहजहाँपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments