ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष अभियान "ऑपरेशन Cy-Vajra" के तहत बलरामपुर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक एवं साइबर क्राइम नोडल अधिकारी विशाल पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में की गई कार्रवाई के दौरान थाना कोतवाली उतरौला में मुकदमा संख्या 088/2026 दर्ज किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
- मोहित नाथ पुत्र राम सिंह, निवासी ग्राम राजाजोत गोंसाईजोत, थाना कोतवाली उतरौला, जनपद बलरामपुर।
- संगम नाथ पुत्र मुन्दर नाथ, निवासी ग्राम गोंसाईजोत, थाना कोतवाली उतरौला, जनपद बलरामपुर।
दोनों आरोपियों को 15 जुलाई 2026 को सुबह 8:30 बजे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
ऐसे देते थे साइबर ठगी को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी/बैंक मैनेजर बताकर लोन दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ितों से ऑनलाइन रकम वसूलते थे। ठगी की धनराशि विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर एटीएम से निकाल ली जाती थी।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज एक शिकायत में ओडिशा निवासी बसंत बहेरा से लगभग ₹4.78 लाख की ठगी का मामला सामने आया था। जांच में पाया गया कि रकम उतरौला स्थित एटीएम से निकाली गई थी।
पूछताछ में मुख्य आरोपी मोहित नाथ ने स्वीकार किया कि वह बाबा का वेश धारण कर विभिन्न राज्यों में घूमता था और लोगों की आर्थिक जरूरतों की जानकारी जुटाकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। उसका साला संगम नाथ फर्जी बैंक मैनेजर बनकर पीड़ितों से बातचीत करता था। आरोपियों ने फर्जी पहचान पत्र और बैंक आईडी भी तैयार कर रखी थी।
बरामदगी
- फर्जी पहचान संबंधी दस्तावेज
- मोबाइल फोन
- साइबर अपराध में प्रयुक्त अन्य डिजिटल साक्ष्य
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों और बैंक खातों की भी जांच जारी है।
पुलिस की अपील
यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
#Balrampur #CyberCrime #OperationCyVajra #UPPolice #CyberFraud #BreakingNews #SachKiAwazWebNews
