₹10 हजार का इनामी लुटेरा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

तमंचा-कारतूस, लूट का मोबाइल, पाजेब, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद; साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

शाहजहाँपुर। थाना जैतीपुर पुलिस ने अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹10 हजार के इनामी लुटेरे चंदन को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में अभियुक्त के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतीपुर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की रात थाना जैतीपुर पुलिस मरुआझाला पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुआंडांडा की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोकने के लिए ललकारने पर एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया, जबकि उसका साथी शिवम अंधेरे एवं झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

घायल बदमाश की पहचान चंदन पुत्र ओमप्रकाश, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी मोहल्ला अजीजगंज, थाना कोतवाली, जनपद शाहजहाँपुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक चंदन पर ₹10,000 का इनाम घोषित था और वह थाना जैतीपुर में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित चल रहा था।

बरामद हुआ तमंचा और लूट का सामान

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, वीवो मोबाइल फोन और ₹2,040 नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में लूट की घटना से संबंधित एक जोड़ी सफेद धातु की पाजेब और मोबाइल फोन भी शामिल हैं।

कई जिलों में मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध शाहजहाँपुर के अलावा कासगंज, एटा, फर्रूखाबाद और बरेली जनपदों में भी लूट, एनडीपीएस, आबकारी, शस्त्र एवं अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ जैतीपुर, फतेहगंज पूर्वी, कासगंज, कम्पिल एवं एटा क्षेत्र में लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक उसका साथी शिवम अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

थानाध्यक्ष रामेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक इतेश तोमर, हेड कांस्टेबल अजय राना, हेड कांस्टेबल तैय्यब अली, कांस्टेबल नवीन कुमार, अंकुर कुमार, अरविन्द कुमार, भानू एवं विजय शामिल रहे।

Previous Post Next Post