बारिश में पक्का मकान गिरने से दो की मौत, एक महिला घायल

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

पुवायां के मुड़िया कुर्मियात गांव में हादसा, प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता की घोषणा की

शाहजहांपुर, 17 अगस्त। पुवायां तहसील क्षेत्र के मुड़िया कुर्मियात गांव में सोमवार को लगातार हो रही बारिश के बीच पक्का मकान अचानक गिर गया। मलबे में दबने से राजन कोरी (26 वर्ष) और दो वर्षीय आरव की मौत हो गई, जबकि आरव की मां काजल गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल काजल का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एसडीएम पुवायां सदानंद सरोज, क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक, नायब तहसीलदार एवं पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य की निगरानी की।

जिला प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की है।

घायल काजल के उपचार की जानकारी लेने के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र एवं सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत जिला अस्पताल पहुंचे। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को घायल का समुचित एवं प्राथमिकता के आधार पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Previous Post Next Post