🚨 शाहजहाँपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1200 लीटर राइस ब्रान ऑयल सीज

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

गंदे और जंग लगे टीन में भरा मिला तेल, बिना लाइसेंस चल रहे लॉज कारखाने को कराया बंद

शाहजहाँपुर, 25 अगस्त। रक्षाबंधन अभियान के तहत आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने जनपद में निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए तथा मानकों एवं स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर कार्रवाई की गई।

🛢️ 1200 लीटर राइस ब्रान ऑयल सीज

जगालपुर स्थित संजीव कुमार गुप्ता ऑयल मर्चेन्ट से कच्ची घानी सरसों तेल का नमूना लिया गया। प्रतिष्ठान पर रखे रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल एवं मस्टर्ड ऑयल के पैकेट/बोतलों पर उपभोक्ताओं की जानकारी से संबंधित सूचनाएं सही ढंग से अंकित नहीं मिलीं। इस पर निर्माता को नोटिस जारी कर नए रैपर लगवाने के निर्देश दिए गए।

इसी फर्म से मोहम्मदी, लखीमपुर खीरी स्थित राघव इंटरप्राइजेज के लिए 15 लीटर के 80 टीन राइस ब्रान ऑयल लोड किए गए थे। खाद्य टीम ने वाहन से तेल का नमूना लिया। टीम के अनुसार टीन अत्यंत गंदे, जंग लगे और पुराने पाए गए। जांच रिपोर्ट आने तक 1200 लीटर तेल, अनुमानित कीमत ₹1.56 लाख, सीज कर दिया गया।

🚨 बिना लाइसेंस चल रहा लॉज कारखाना बंद

जलालाबाद-कलान रोड स्थित सहबंगापुर में अनिल लॉज विक्रेता के कारखाने पर छापेमारी की गई। यहां से लॉज का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। अस्वच्छ दशा में रखी करीब 18 किलो लॉज, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,700 बताई गई, को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

कारखाने पर खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया। इसके चलते प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया तथा संबंधित धाराओं में परिवाद दायर करने की कार्रवाई की जा रही है।

🍬 अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई

महुआ डांडी स्थित चन्द्रकिशोर के मिठाई कारखाने में स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।

पुवायां स्थित श्याम स्वीट से बर्फी का नमूना लिया गया। वहीं निगोही रोड, कहमारा स्थित राजेन्द्र प्रसाद के लॉज कारखाने पर छापेमारी कर लॉज का नमूना लिया गया। यहां अस्वच्छ दशा में रखी करीब 25 किलो लॉज, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,700 थी, को मौके पर नष्ट कराया गया। इसके अलावा गंदे ड्रम में रखा लॉज बनाने का घोल भी नष्ट कराया गया और स्वच्छता संबंधी कमियों पर सुधार नोटिस की कार्रवाई की जा रही है।

🔬 पांच नमूने जांच के लिए भेजे गए

खाद्य विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान लिए गए कुल 5 नमूनों को राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेन्द्र कुमार, वरुण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार एवं मनोज कुमार शामिल रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनहित में छापामार एवं प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Previous Post Next Post