उचित दर विक्रेताओं का मार्जिन मनी बढ़कर ₹125 प्रति कुंतल

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

अन्नपूर्णा भवन संचालक के रूप में मिलेगी नई पहचान, कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

शाहजहांपुर, 17 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभागार, शाहजहांपुर में खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता, महानगर अध्यक्ष श्रीमती शिल्पी गुप्ता, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उचित दर विक्रेता एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। इस दौरान लखनऊ से आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम में उचित दर विक्रेताओं के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए बताया गया कि अब उन्हें राज्य के बजट से मिलने वाला मार्जिन मनी ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किया जाएगा। शासन के इस निर्णय पर उचित दर विक्रेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया।

एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि उचित दर विक्रेता केवल राशन वितरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि उचित दर विक्रेताओं को अब ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के रूप में नई पहचान दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में व्यापक सुधार हुए हैं और व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ी है। पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड एवं ई-कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम में अन्नपूर्णा भवनों की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि इन भवनों के माध्यम से आमजन को उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इन दुकानों पर 39 प्रकार की वस्तुएं रखी जा सकेंगी, जिससे ग्रामीण एवं गरीब परिवारों को दैनिक जरूरत की सामग्री स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि भारतीय खाद्य निगम (FCI) से निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे पात्र लाभार्थियों को समय से पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को समय से गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए।

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष श्रीमती शिल्पी गुप्ता, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, आपूर्ति विभाग के कर्मचारी एवं उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post