स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
सफाई, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश; गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा
शाहजहांपुर, 17 अगस्त 2026। बारावफात जुलूस के दृष्टिगत नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने अपर नगर आयुक्त एवं नगर निगम के अन्य अधिकारियों तथा बारावफात जुलूस कमेटी के सदस्यों के साथ महानगर क्षेत्र में जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त ने महिला थाना से रोडवेज एवं अन्य जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग, जल निगम एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर जुलूस मार्गों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी सड़क पर गड्ढे हैं, उन्हें तत्काल लेवल कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराकर आवागमन के लिए व्यवस्थित किया जाए।
उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने तथा महाप्रबंधक जल को जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही बारावफात जुलूस के दृष्टिगत नगर निगम स्तर से किए जाने वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, मुख्य अभियंता आशीष कुमार त्रिवेदी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं जुलूस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
