20-21 अगस्त को जनपदों में होगी कृषि यंत्रों की ई-लॉटरी

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न कृषि योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों के वितरण के लिए 20 एवं 21 अगस्त 2026 को जनपद स्तर पर ई-लॉटरी आयोजित की जाएगी। वहीं प्रदेश स्तर पर हुई बुकिंग की ई-लॉटरी 21 अगस्त 2026 को निदेशालय स्तर से कराई जाएगी।

कृषि निदेशालय के अभियंत्रण अनुभाग ने सभी जनपदों के उप कृषि निदेशकों को ई-लॉटरी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

लक्ष्य से अधिक बुकिंग पर होगा चयन

विभाग के अनुसार नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन सहित अन्य संबंधित योजनाओं के तहत किसानों ने 16 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक विभागीय पोर्टल पर कृषि यंत्रों के लिए बुकिंग की थी। जिन कृषि यंत्रों के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक बुकिंग प्राप्त हुई है, उनका चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

वहीं, जिन योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य तक ही बुकिंग प्राप्त हुई है, उनमें संबंधित किसानों की बुकिंग 19 अगस्त 2026 को कंफर्म कर दी गई है और उनके लिए ई-लॉटरी की आवश्यकता नहीं होगी।

पारदर्शिता के लिए वीडियोग्राफी और बड़ी स्क्रीन की व्यवस्था

ई-लॉटरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (DLSC) के सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

ई-लॉटरी यथासंभव ऐसे सार्वजनिक स्थान पर कराने के निर्देश दिए गए हैं, जहां अधिक से अधिक किसान प्रक्रिया को देख सकें। आयोजन स्थल पर बड़ी स्क्रीन और लाउडस्पीकर लगाने के साथ पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

पारदर्शिता के लिए जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की सहमति से किसानों के बीच मॉक ड्रिल भी कराई जा सकती है।

किसानों को दी जाएगी सूचना

जनपद स्तर पर ई-लॉटरी के लिए निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान की जानकारी निदेशालय को निर्धारित प्रारूप में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित किसानों को ई-लॉटरी की सूचना स्थानीय समाचार पत्रों, दूरभाष तथा विभागीय कर्मचारियों के माध्यम से दी जाएगी।

ई-लॉटरी के दौरान उपस्थित समिति सदस्यों के हस्ताक्षरयुक्त उपस्थिति पंजिका की पीडीएफ भी विभागीय पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

कृषि विभाग उत्तर प्रदेश हेल्पलाइन: 0522-2317003

Previous Post Next Post