स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 27 अगस्त। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए सुनवाई आयोजित की गई। केंद्र में कुल 20 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिसमें आपसी बातचीत एवं समझाइश के बाद 3 दंपतियों के बीच समझौता कराया गया और उन्हें सकुशल साथ विदा किया गया।
निगोही के दो दंपतियों में बनी सहमति
थाना निगोही क्षेत्र के एक दंपति की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी करीब दो माह से मायके में रह रही थी और वह सात माह की गर्भवती है। पत्नी ने पति पर गाली-गलौज एवं मारपीट करने का आरोप लगाया। वहीं पति ने पत्नी द्वारा उसकी बात न मानने की बात कही। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की आपसी वार्ता कराकर समझाया गया। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और उन्हें सकुशल विदा किया गया।
दूसरे मामले में थाना निगोही क्षेत्र के दंपति की शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी करीब पांच माह से मायके में रह रही थी। उसने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और खर्च के लिए पैसे नहीं देने का आरोप लगाया। ससुराल वालों द्वारा स्वीकार न किए जाने की बात भी कही गई। पति ने अपने घरवालों से अलग रहने तथा पत्नी के साथ मारपीट नहीं करने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों की काउंसलिंग के बाद आपसी समझौता हुआ और दंपति को साथ विदा किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के दंपति का भी हुआ समझौता
थाना कोतवाली क्षेत्र के एक दंपति की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी करीब 20 दिनों से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर अपनी मां के कहने पर गाली-गलौज एवं मारपीट करने का आरोप लगाया। वहीं पति ने पत्नी के अधिक समय तक मायके में रहने की बात कही। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराकर समझाइश दी गई। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और उन्हें भी सकुशल विदा किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराना है।
इस मौके पर म0मु0आ0 चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी पिंकी, निशा मिश्रा, नेहा चौहान, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, मोनिका कुमारी एवं आरक्षी विनीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
