23 अगस्त को होगी सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा, तैयारियों को लेकर बैठक


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 20 अगस्त। आगामी 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (प्रा0अ0-2025)/08 की लिखित मुख्य परीक्षा की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।

जनपद में परीक्षा के लिए 09 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा एक सत्र में पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती, केंद्रों की निगरानी तथा गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर आवागमन एवं वैकल्पिक मार्गों की जानकारी प्राप्त करें। बरसात को देखते हुए परीक्षा केंद्रों तक जाने वाले मार्गों में गड्ढे अथवा जलभराव होने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए।

उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रयोग पर प्रभावी रोक के लिए जैमर की व्यवस्था भी की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को अपडेट एवं क्रियाशील रखने तथा प्रश्नपत्रों के गोपनीय पैकेटों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित पहुंचाने और परीक्षा समाप्ति के बाद सुरक्षित स्थान पर जमा कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, अन्य संचार उपकरण तथा आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास निर्धारित परिधि में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर भी प्रभावी रोक सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार, डीआईओएस हरिवंश कुमार, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post