खन्नौत नदी में NDRF का मेगा मॉक एक्सरसाइज, डूबते व्यक्ति का किया सफल रेस्क्यू

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। मानसून पूर्व तैनाती के तहत 8वीं वाहिनी, गाजियाबाद की मानसून प्री-पोजिशनिंग टीम 8(M) द्वारा हनुमत धाम स्थित खन्नौत नदी में बाढ़ एवं जल आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मेगा मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई।

अभ्यास के दौरान खन्नौत नदी में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना का सिमुलेशन किया गया, जिसके बाद NDRF टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मॉक एक्सरसाइज के तहत NDRF जवानों ने नदी में बोट पलटने की स्थिति में स्वयं का बचाव करते हुए बोट को सुरक्षित तरीके से सीधा करने का प्रदर्शन किया।

इसके बाद टीम ने नदी में डूब रहे व्यक्ति का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। रेस्क्यू किए गए व्यक्ति का मौके पर प्राथमिक चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया गया। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया।

करीब 30 NDRF जवानों ने लिया हिस्सा

मॉक एक्सरसाइज में इंस्पेक्टर भीम सिंह, सब-इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह, एएसआई धर्मेंद्र सिंह, महावीर सिंह सहित NDRF के करीब 30 अधिकारी एवं कार्मिक शामिल रहे।

अभ्यास में NDRF के साथ PAC, नगर निगम, उत्तर प्रदेश पुलिस, सिविल प्रशासन और हनुमत धाम मंदिर प्रबंधन ने भी समन्वय के साथ भाग लिया। मॉक एक्सरसाइज देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

हनुमत धाम प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने भी अभ्यास का अवलोकन किया और आपदा के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं त्वरित रेस्क्यू की आवश्यकता की सराहना की।

NDRF के अनुसार, मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य बाढ़ एवं जल आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, रेस्क्यू तकनीकों, परिचालन तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना है। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ एवं जल आपदाओं से निपटने के लिए NDRF द्वारा क्षेत्र में जन-जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

Previous Post Next Post