शाहजहाँपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 24 जनशिकायतों का किया निस्तारण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

विशेष अभियान के तहत शिकायतकर्ताओं के घर पहुंचकर किया जा रहा स्थलीय समाधान, बार-बार पुलिस कार्यालय आने की जरूरत नहीं

शाहजहाँपुर, 23 अगस्त 2026। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का समाधान किया जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे इस अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है।

विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।

23 अगस्त को 24 शिकायतों का मौके पर समाधान

23 अगस्त 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 24 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान करने के लिए पुलिस टीम मौके पर स्थलीय निरीक्षण करती है तथा आवश्यकतानुसार दोनों पक्षों का पक्ष एवं फीडबैक लेकर समाधान के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित करती है।

इस अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी शिकायत के निस्तारण के लिए बार-बार थाने अथवा उच्चाधिकारियों के पुलिस कार्यालय आने की परेशानी से राहत देना है। मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण होने से शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

शाहजहाँपुर पुलिस का यह अभियान जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर केंद्रित है।

Previous Post Next Post