स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
अल्हागंज पुलिस ने श्रद्धालुओं का किया स्वागत, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
शाहजहाँपुर, 23 अगस्त 2026। श्रावण मास कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के साथ कांवड़ियों की सेवा एवं सुरक्षा के लिए शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में थाना अल्हागंज पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं की सेवा की गई।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी के नेतृत्व में आयोजित भंडारे के दौरान क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी एवं थानाध्यक्ष अल्हागंज ने पुलिस बल के साथ कांवड़ मार्ग से गुजर रहे कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भंडारे में श्रद्धालुओं को खीर, पूरी-सब्जी, हलवा एवं शीतल पेयजल वितरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी कुशलक्षेम जानी तथा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए आश्वस्त किया।
इस दौरान पुलिसकर्मियों को कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण एवं सतर्क निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सेवा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
