स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
कांवड़ मार्ग पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, जुलूस मार्ग का भी किया निरीक्षण
शाहजहाँपुर, 23 अगस्त 2026। श्रावण मास कांवड़ यात्रा एवं आगामी बारावफात पर्व के दृष्टिगत शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी तिलहर ने विभिन्न पिकेट एवं पुलिस ड्यूटियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता एवं मुस्तैदी चेक की गई। पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, कांवड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी अव्यवस्था अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
थाना कटरा क्षेत्र में पैदल गश्त
इसके बाद क्षेत्राधिकारी तिलहर ने थाना कटरा पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र एवं कांवड़ यात्रा मार्ग पर पैदल गश्त कर शांति एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आमजन एवं कांवड़ यात्रियों से संवाद कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
बारावफात के जुलूस मार्ग का भी निरीक्षण
आगामी बारावफात पर्व के दृष्टिगत क्षेत्राधिकारी तिलहर ने थाना क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों एवं जुलूस मार्ग का रूट भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, जुलूस मार्ग पर पर्याप्त पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने तथा शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी तिलहर ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा एवं आगामी बारावफात पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए निरंतर सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जा रही है।
