24 अगस्त से नए भवन में होगा नगर निगम कार्यालय का संचालन, डीएम ने किया ककरा भवन का निरीक्षण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के साथ ककरा स्थित निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन के धरातल एवं प्रथम तल पर स्थित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। अधिकांश कक्षों का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण पाया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि 24 अगस्त, सोमवार से नए भवन में नगर निगम कार्यालय का संचालन शुरू कर दिया जाए। साथ ही शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय का संचालन भी इसी भवन से किए जाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को नगर निगम एवं प्राधिकरण से संबंधित सेवाएं एक ही छत के नीचे मिल सकें।

उन्होंने नए कार्यालय भवन में जनसुनवाई एवं अन्य आवश्यक कार्य शुरू कराने तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यालय में बैठकर जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अक्टूबर तक अर्बन हाट और ऑडिटोरियम पूरा कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि भवन का निर्माण निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से अर्बन हाट एवं ऑडिटोरियम का निर्माण अक्टूबर माह तक पूरा कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने शहर में निर्माणाधीन नक्षत्रशाला, प्लैनोटोरियम एवं कार पार्किंग की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाकर परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से पूरा कराने से शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी और शहरी विकास को भी गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, एस.के. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के अभियंता मौजूद रहे।

Previous Post Next Post