परिवार परामर्श केंद्र में 25 पत्रावलियों पर हुई सुनवाई, दो दंपतियों में बनी सहमति

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए काउंसलिंग आयोजित की गई। इस दौरान 25 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिसमें आपसी सहमति बनने के बाद दो दंपतियों को सकुशल विदा किया गया।

पहला मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र का रहा। करीब आठ वर्ष पूर्व शादीशुदा दंपति के बीच विवाद चल रहा था। पत्नी करीब पांच दिन से मायके में रह रही थी। पत्नी का आरोप था कि पति घरवालों की बातों में आकर उसके साथ मारपीट करता है। काउंसलिंग के दौरान पति ने भविष्य में मारपीट न करने और पत्नी को अपने साथ रखने की बात कही। दोनों पक्षों के बीच समझाइश के बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया और दंपति को सकुशल विदा कर दिया गया।

दूसरा मामला थाना निगोही क्षेत्र का रहा। करीब दो वर्ष पूर्व हुई शादी के बाद पत्नी पांच माह की गर्भवती है और करीब तीन माह से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर मारपीट करने तथा अपने कुंडल वापस न देने का आरोप लगाया। काउंसलिंग के दौरान पति ने भविष्य में मारपीट न करने और पत्नी के लिए नए डिजाइन के कुंडल बनवाने की बात कही। दोनों पक्षों की आपसी वार्ता एवं समझाइश के बाद सहमति बनी और दंपति को सकुशल विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलिंग में परामर्शदाता श्रीमती शशिप्रभा कौशल, हिमांशु श्रीवास्तव, म0मु0आ0 चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी पिंकी, निशा मिश्रा, नेहा चौहान, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी एवं मोनिका कुमारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post