परिवार परामर्श केंद्र में 25 मामलों की सुनवाई, आपसी समझौते के बाद 3 दंपतियों को साथ भेजा गया

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में सोमवार को पुलिस लाइन में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। केंद्र में कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिसमें आपसी बातचीत और समझाइश के बाद 03 दंपतियों के बीच समझौता कराया गया तथा उन्हें सकुशल साथ विदा किया गया।

परामर्श के दौरान थाना सदर बाजार के एक दंपति ने घरेलू विवाद के चलते अलग रहने की बात रखी। दोनों पक्षों को समझाने और आपसी वार्ता कराने के बाद पति-पत्नी ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।

वहीं, थाना सदर बाजार के ही करीब छह माह पूर्व विवाहित एक अन्य दंपति के मामले में पत्नी ने पति के बेरोजगार होने और खर्च न देने समेत ससुराल पक्ष से विवाद की समस्या बताई। पति ने परिवार को समझाने तथा पत्नी को साथ रखकर बेहतर तरीके से जीवन बिताने की सहमति दी। परामर्श के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

थाना कोतवाली क्षेत्र के करीब पांच वर्ष पूर्व विवाहित दंपति के मामले में भी आपसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। पति द्वारा पत्नी की बात मानने और साथ रहने की सहमति जताने के बाद दोनों के बीच समझौता कराया गया।

परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से दंपतियों को आपसी संवाद, समझदारी और सहयोग के साथ वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। समझौते के बाद तीनों दंपतियों को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।

इस दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी पिंकी, निशा मिश्रा, शीतल चौहान, रश्मि चौधरी, मोनिका कुमारी एवं आरक्षी विनीत कुमार आदि मौजूद रहे।

Previous Post Next Post