शाहजहाँपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 25 जनशिकायतों का किया निस्तारण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

विशेष अभियान के तहत शिकायतकर्ताओं को मिला मौके पर समाधान, बार-बार पुलिस कार्यालय आने की जरूरत नहीं

शाहजहाँपुर। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में जनपद शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करा रहे हैं।

इसी क्रम में 30 अगस्त 2026 को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्राप्त शिकायतों में से कुल 25 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया।

अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है। इसके तहत प्रत्येक क्षेत्राधिकारी द्वारा अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी द्वारा अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।

पुलिस द्वारा शिकायतकर्ता के घर एवं मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने के साथ ही दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर शिकायत के निस्तारण के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित की जा रही है।

शाहजहाँपुर पुलिस का कहना है कि इस विशेष अभियान से शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और जनशिकायतों का बेहतर तरीके से मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Previous Post Next Post