जनशिकायतों के निस्तारण में शाहजहाँपुर पुलिस की पहल, मौके पर पहुंचकर 33 शिकायतों का किया समाधान


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 19 अगस्त 2026 को शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 33 शिकायतों का निस्तारण किया गया।

अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में किया जा रहा है। जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के पास मौके पर पहुंचकर शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

अभियान के तहत प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर मौके पर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस द्वारा शिकायतकर्ता के घर अथवा मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया जाता है। साथ ही दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाना अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान मौके पर ही सुनिश्चित करना है।

शाहजहाँपुर पुलिस का संदेश— “सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा।”

Previous Post Next Post